कवरेज इण्डिया न्यूज डेस्क।
मुंबई। एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे ने बॉलीवुड सितारों पर जमकर निशाना साधा है। ठाकरे ने अक्षय कुमार पर बीजेपी की योजनाओं का अपनी फिल्म के जरिए प्रचार करने का आरोप लगाया है। और तो और उन्होंने श्रीदेवी के शव को तिरंगे में लपेटे जाने पर भी सवाल खड़ा किया है।
मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क में एक रैली में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। राज ठाकरे ने कहा, नीरव मोदी के मामले को दबाने के लिए जानबूझकर श्री देवी की मौत को इतना तूल दिया गया। वह एक अच्छी अभिनेत्री थीं लेकिन उन्होंने देश के लिए ऐसा क्या महान किया कि उन्हें तिरंगे में लपेटा गया। ये सारा खेल पीएनबी फ्रॉड से ध्यान हटाने के लिए था।”
इसके बाद अक्षय कुमार पर निशाना साधते हुए राज ठाकरे ने कहा, ‘अक्षय कुमार ने पैडमैन, टॉयलेट जैसी फिल्में बनाईं। ये फिल्में सरकारी प्रचार जैसी हैं। वह जबरदस्ती मनोज कुमार बनने की कोशिश कर रहे हैं। जिन्हें भारत कुमार भी कहा जाता था। अक्षय कुमार देशभक्ति की बातें करते हैं जबकि वह खुद भारत के नागरिक नहीं है। उसके पास कनाडा का पासपोर्ट है।’
इसके अलावा उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोला है। ठाकरे ने कहा है कि 2019 तक हमें मोदी मुक्त भारत बनाना है और इसके लिए सभी विपक्षी दलों को एक साथ आना चाहिए।
