इलाहाबाद में विकास का यह कार्य रुकने वाला नहीं है- केशव मौर्य

केशव मौर्य, डिप्टी सीएम उत्‍तर प्रदेश 

कवरेज इण्डिया न्यूज डेस्क इलाहाबाद।
इलाहाबाद : फूलपुर की जनता से मेरा भावनात्मक लगाव है। मेरे ऊपर सबका उपकार है, उनके आशीर्वाद से मैं रिकार्ड मतों से जीतकर देश की सबसे बड़ी पंचायत में पहुंचा। जनता के एक-एक वोट का कर्ज विकास की गंगा बहाकर करूंगा। यह भावनात्मक वाक्य थे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के। वह सोमवार की शाम शहर पश्चिमी के मुंडेरा सब्जीमंडी के पास नवनिर्मित सड़कों के शिलान्यास समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इसमें तीन अरब की लागत से 80 किलोमीटर लंबी 79 सड़कें अगल-अलग क्षेत्रों में बनेंगी।

केशव ने कहा कि इलाहाबाद में विकास तेजी से हो रहा है। सड़क, पुल व ओवर ब्रिज का निर्माण निरंतर चल रहा है, विकास का यह कार्य रुकने वाला नहीं है। कहा कि भाजपा भोग की नहीं, सेवा व समर्पण की राजनीति करती है। यही कारण है कि सारी पार्टियों का जनाधार अब समाप्त हो चुका है। प्रदेश में अपराधी त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं। इलाहाबाद में अपराध और अपराधी अंतिम सांसें गिन रहे हैं। अगर अपराधी अपने जीवनशैली में सुधार नहीं लाते तो उनका जीना मुहाल हो जाएगा। हमारे अच्छे कार्य के चलते ही हर वर्ग के लोगों में भाजपा की विश्वसनीयता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि फूलपुर संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव की तैयारी दमदारी से पूर्ण कर ली है। लेकिन चुनाव एक चुनौती है जिसे स्वीकार करते हुए गंभीरता से काम किया जा रहा है। प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं इलाहाबाद के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता खत्म कर शाति का वातावरण कायम करने का प्रयास तेजी से चल रहा है। भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लोगों के विकास एवं हित में काम कर रही है। विकास का सिलसिला निरंतर जा रही रहेगा। भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्त ने केशव को विकास पुरुष की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने अल्प कार्यकाल में विकास की गंगा बहाकर इलाहाबाद का मान प्रदेश एवं देश के मानचित्र में बढ़ाया है। इस दौरान पूर्व विधायक अशोक धवन, सुबोध सिंह, विद्यासागर राय, कुंज बिहारी मिश्र, रवि केसरवानी, आशीष गुप्त, पवन श्रीवास्तव, विपुल मित्तल, अनुज कुशवाहा, श्याम चंद, अनिल कुशवाहा, समरजीत सिंह, दीपक कुशवाहा, रोचक दरबारी, राकेश जैन मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post