इलाहाबाद। मा. मंत्री, ऊर्जा विभाग उ.प्र. श्री श्रीकान्त शर्मा जी आज अपने इलाहाबाद भ्रमण कार्यक्रम के तहत सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता की शिकायतों को सुन रहे थे। उन्होंने यमुनापार से अधिक विद्युत सम्बन्धी शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पूरी यमुनापार की टीम को बदलने के निर्देश दे दिये। उन्होंने कहा कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित की गयी विद्युत आपूर्ति के अनुसार ही विद्युत आपूर्ति घरों में की जाय। उन्होंने कहा कि सरकार विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरन्तर प्रयास कर रही है।
मा. मंत्री जी ने कहा कि दिसम्बर 2019 तक विद्युत व्यवस्था को सुव्यवस्थित कर दिया जायेगा। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सभी अभियन्ता लोगों की विद्युत शिकायतों के प्रति गम्भीर रहे। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा किये जा रहे शिकायत के सम्बन्ध में फोन अवश्य उठाया जाय। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण में हीलाहवाली करने पर सम्बन्धित अधिकारियों के विरूद्ध ठोस कार्रवाही की जायेगी। मा. मंत्री ने कहा कि ट्रांसफार्मरों के अपग्रेडसन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अभियन्ताओं को निर्देशित किया कि ट्रान्सफार्मरों के अपग्रेडेशन में ज्यादा समय न लगाया जाय। उन्होंने मुख्य अभियन्ता से कहा कि सात दिन में विद्युत कनेक्शन दिये जाये तथा कनेक्शन देर देने वालों के खिलाफ कार्रवाही भी की जाय।
Tags:
allahabad
