भगवान ऐसा पति किसी को न दे, क्रूरता की सारी हदें कर दीं पार


बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र के केंवटाडीह टांगर निवासी ग्रामीण अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर शव को पटाव में रख दिया। फिर पुलिस को गुमराह करने चार दिनों तक रिश्तेदारों के यहां जाकर उसकी पतासाजी करता रहा। बाद में शव मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। फिर रिपोर्ट के आधार पर पूछताछ कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना पचपेड़ी क्षेत्र की है। केंवटाडीह टांगर निवासी संतोष कुमार मनहर (40) रोजी-मजदूरी करता है। उसने पिछले सप्ताह थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी अचानक लापता हो गई है। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई थी। वहीं ग्रामीण युवक भी अपने ससुराल सहित रिश्तेदार व परिचितों के यहां जाकर पत्नी की खोजबीन करता रहा। उसकी पत्नी का कुछ पता नहीं चला। तब वह थक-हारकर अपने घर पहुंचा।

चार दिन बाद घर लौटने पर उसे घर से तेज बदबू आने लगी। वह अपने घर के पटाव में जाकर देखा, तब उसकी पत्नी की लाश पड़ी हुई थी। उसमें कीड़े लगने शुरू हो गए थे। उसने इस घटना की जानकारी आसपास के लोगों के साथ ही पुलिस को दी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। इस बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में महिला का गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई। संदेह के आधार पर मृतका के पति संतोष से पूछताछ शुरू की। पहले तो वह गोलमोल जवाब देता रहा। फिर बाद में टूट गया। उसने पत्नी की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

20 साल बाद भी संतान नहीं, चाहता था दूसरी शादी करना
पुलिस की जांच व आरोपी से पूछताछ में पता चला कि मृतका का विवाह करीब 20 साल पहले हुआ था। लेकिन, इतने साल बाद भी उनकी एक भी संतान नहीं थी। लिहाजा, आरोपी संतोष दूसरी शादी करना चाहता था। उसकी पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। संतान नहीं होने के कारण संतोष व परिजन महिला को मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। वहीं आरोपी दूसरी पत्नी की तलाश में जुटा हुआ था।

चरित्र पर करता था संदेह
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने पहले गुमराह किया। फिर यह कहने लगा कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध था। लिहाजा, वह हमेशा मना करता था। तब भी वह नहीं मानती थी। इसी बात को लेकर हमेशा विवाद होता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि चरित्र संदेह पर उसने अपनी पत्नी की हत्या की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post