लखनऊ. उत्तर प्रदेश की नई सरकार में भी दागियों और करोड़पतियों की भरमार है। दर्ज आपराधिक मामलों में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सबसे आगे हैं, वहीं सबसे ज्यादा अमीरों की सूची में भी तीन कैबिनेट मंत्री शामिल हैं। नामाकंन के साथ दिए गए शपथपत्र के मुताबिक उत्तर प्रदेश में योगी मंत्रिमंडल के 45 फीसदी (20 मंत्री) मंत्रियों पर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। करोड़पति मंत्रियों की तादाद भी खासी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल के 80 फीसदी (35 मंत्री) मंत्री करोड़पति हैं।
एडीआर की रिपोर्ट
यूपी इलेक्शन वाच और एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स (एडीआर) ने राज्य के 47 में से 44 मंत्रियों के हलफनामे का विश्लेषण किया है। आंकड़ा नहीं रहने के कारण तीन मंत्रियों दिनेश शर्मा, स्वतंत्र देव सिंह और मोहसिन रजा के बारे में पता नहीं चल सका। दिनेश शर्मा मेयर हैं, जबकि दो अन्य फिलहाल उत्तर प्रदेश विधानसभा अथवा विधान परिषद में से किसी के सदस्य नहीं हैं।
इन पर दर्ज हैं मामले
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक मौर्य पर हत्या, धोखाधड़ी, सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे जैसे कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं इलाहाबाद से चुनाव जीतकर कैबिनेट मंत्री बने नंदगोपाल गुप्ता नंदी पर धोखाधड़ी, आर्थिक अपराध व डकैती के सात मुकदमे दर्ज हैं। आदित्यनाथ पर तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। नंदी 57 करोड़ रुपये के साथ सबसे अमीर जबकि सिद्धार्थनाथ सिंह 22 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
संपत्ति का ब्योरा
योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुल संपत्ति 72 लाख रुपये की है। इसमें उनके पास 3 लाख की पुरानी टाटा सफारी, 21 लाख की टोयोटा फॉर्च्यूनर और 12 लाख की इनोवा है। 2014 के हलफनामे के अनुसार, उनके पास 1 लाख 80 हजार रुपये की रायफल और रिवॉल्वर है।
केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की संपत्ति नौ करोड़ से ज्यादा की है। हालांकि उनके ऊपर 2.43 करोड़ रुपये का कर्ज भी है।
नंद गोपाल नंदी सबसे अमीर मंत्री
योगी सरकार में इलाहाबाद दक्षिण से जीते नंद गोपाल नंदी सबसे अमीर मंत्री हैं। रिपोर्ट की मानें तो उनकी कुल संपत्ति 57 करोड़ रुपये बतायी जा रही है। जो और किसी मंत्री के मुकाबले गई गुना ज्यादा है। कुल 28 मंत्रियों ने देनदारी की घोषणा की है, जिसमें सबसे ज्यादा देनदारी नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर 26.02 करोड़ रुपये की है।
सिद्धार्थनाथ सिंह के पास है 22 करोड़ रुपए
इलाहाबाद पश्चिम से विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह की संपत्ति 22 करोड़ रुपये है। उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। अतुल गर्ग के पास 12 करोड़ रुपए
गाजियाबाद से पहली बार विधायक बने अतुल गर्ग के पास 12 करोड़ रुपये की संपत्ति है। गर्ग राज्य मंत्री बने हैं।
बीजेपी के 246 विधायक करोड़पति
बीजेपी में 246 विधायक (79 फीसदी) करोड़पति हैं। सपा के 39 (85 फीसदी), बसपा के 19 में से 18 (95 फीसदी) और कांग्रेस के सात में से पांच विधायक करोड़पति की हैं। बसपा के विधायकों की औसत संपत्ति अन्य पार्टियों की तुलना में सबसे ज्यादा 17.84 करोड़ रुपये हैं। इसके बाद सपा के विधायकों की औसत संपत्ति 5.84 करोड़ रु और और बीजेपी के विधायकों की 5.07 करोड़ रुपये पाई गई है।
गिरीश यादव सबसे गरीब
योगी सरकार के सबसे गरीब मंत्रियों में जौनपुर सदर से विधायक चुने गए राज्यमंत्री गिरीश यादव हैं। इनकी कुल संपत्ति 13 लाख रुपए है। दूसरे सबसे गरीब वाराणसी के शिवपुर से विधायक अनिल राजभर के पास 35 लाख की संपत्ति है। वाराणसी के ही राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी 38 लाख के साथ तीसरे स्थान पर हैं। योगी के मंत्रियों की औसत संपत्ति 5.34 करोड़ बताई गई है। योगी सरकार में 84 फीसदी मंत्री स्नातक या इससे ऊपर की शिक्षा प्राप्त हैं, जबकि 16 फीसदी की शिक्षा 10वीं से 12वीं पास तक है। जहां तक उम्र की बात है तो आधे से अधिक मंत्रियों की उम्र 50 के पार है।
Source:Patrika
Tags:
national

