मैनपुरी में सीनियर पुलिस अधिकारी पर महिला कांस्टेबल के गंभीर आरोप, देखें Video

woman-constable

लखनऊ: यूपी के मैनपुरी में आम महिला से लेकर महिला पुलिस कांस्टेबल तक कोई सुरक्षित नहीं हैं। मैनपुरी के करहल थाने में तैनात महिला कांस्टेबल रुपेश भारती ने अपने सीनियर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रुपेश का आरोप है कि करहल थाना के प्रभारी निरीक्षक ने उसे अपने घर पर खाने बनाने के लिए कहा। लेकिन जब उसने इनकार कर दिया तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
रुपेश के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने उससे कहा घर पर बच्चे आए हुए हैं तुम वहां जाकर उनके लिए खाना बना दो। लेकिन महिला कांस्टेबल रुपेश भारती इसके लिए तैयार नहीं हुई। जिसके बाद मानो प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र कहर बनकर टूट पड़े। रुपेश का आरोप है कि अपने केबिन में बुलाकर उसके साथ बुरा बर्ताव किया गया। प्रभारी निरीक्षक ने सिगरेट का धुआं उसके चेहरे पर उड़ाया।
रुपेश जाटव समाज से आती हैं। उन्होंने कहा प्रभारी निरीक्षक ने उनसे लिए जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। रुपेश के पति भी इसी थाने में तैनात हैं। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने कहा तुम्हारे पति का ट्रांसफर कहीं दूर कर दूंगा और तुम्हें यहीं रखूंगा। फिर तुम रास्ते पर आ जाओगी। महिला कांस्टेबल रुपेश भारती ने कैमरे पर सारी कहानी बताई है।
रुपेश ने अपनी आपबीती पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल सिंह से भी की है। मैनपुरी में महिला के साथ बदसलूकी का ये पहला मामला नहीं है। रविवार को ही मैनपुरी के बाजार में एक महिला के साथ छेड़खानी की गई। जब उसने और उसके पति ने इसका विरोध किया तो दोनों को बीच बाजार में बुरी तरह से पीटा गया। वहां मौजूद लोग तमाशबीन बनकर ये सबकुछ देखते रहे।
मैनपुरी से सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का पुराना नाता है। मैनपुरी के रास्ते से ही वो लखनऊ और दिल्ली तक की सियासत में पहुंचे। लेकिन आज उसी मैनपुरी में महिला त्राहिमाम त्राहिमाम कर रही है। क्योंकि जिनके जिम्मे कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी है वही महिला का उत्पीड़न कर रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post