US चुनावः बहुमत से 16 कदम दूर डोनाल्ड ट्रंप

US चुनावः डोनाल्ड ट्रंप ने सबको चौंकाया, बहुमत से 16 कदम दूर
नई दिल्ली,  अमेरिकी चुनाव में उलटफेर के लिहाज से अहम राज्यों में मजबूत प्रदर्शन के दम पर डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के करीब पहुंच कर इतिहास रचने के कगार पर पहुंच गए हैं। उनकी प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन इस कड़े मुकाबले में पिछड़ी प्रतीत हो रही हैं।
अमेरिका के बड़े समाचार नेटवर्कों के अनुमान के अनुसार, रिपब्लिकन उम्मीदवार ट्रंप ने उलटफेर के लिहाज से अहम फ्लोरिडा, ओहायो एवं उत्तर कैरोलिना में चुनाव जीत लिया है।
पारंपरिक रूप से डेमोक्रेटिक पार्टी के गढ़ कैलिफोर्निया एवं वर्जीनिया में 69 वर्षीय हिलेरी ने चुनाव जीता। हिलेरी को मात्र 18 महीने पहले राजनीति की दुनिया में कदम रखने वाले 70 वर्षीय रियल एस्टेट अरबपति ट्रंप से कड़ी चुनौती मिल रही है।
यूएस नेटवर्क के अनुमान के मुताबिक डोनाल्ड ट्रंप हिलेरी से आगे चल रहे हैं। कुल 270 इलेक्टोरल वोट्स की गिनती में ट्रंप ने हिलेरी पर 244-215 से लीड हासिल की है।
सीएनएन के अनुसार, अभी तक 30 राज्यों के नतीजों में से हिलेरी ने 13 राज्यों में और ट्रंप ने 17 राज्यों में जीत हासिल कर ली है।
राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार को निर्वाचन मंडल के 538 मतों में से 270 मत हासिल करने की आवश्यकता है।
ट्रंप इन राज्यों में जीते
ट्रंप ने उत्तर डकोटा, दक्षिण डकोटा, नेब्रास्का, कंसास, ओकलाहोमा, टेक्सास, व्योमिंग, इंडियाना, केंटकी, फ्लोरिडा, टेनेसी, मिसिसिपी, अरकंसास, लुइसियाना, वेस्ट वजीर्निया, अलबामा एवं दक्षिण कैरोलिना में जीत प्राप्त की।
हिलेरी इन राज्यों में विजयी
हिलेरी इलिनोइस, न्यूयार्क, न्यू जर्सी, कैलिफोर्निया, मैरीलैंड, डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया, वरमोंट, मैसाचुसेटस, वरमोंट, मैसाचुसेटस, कनेक्टिकट, डेलावेयर एवं रहोड आइलैंड में विजेता बनीं।
ट्रंप अहम राज्यों में छोटी लेकिन अहम बढ़त बनाए हुए हैं जिससे रिपब्लिकन के व्हाइट हाउस में आने की उम्मीदों को बल मिल गया है जबकि चुनाव से पहले के सर्वेक्षणों में पिछले कई महीनों से हिलेरी को बढ़त मिलती बताई जा रही थी।
न्यूयार्क टाइम्स ने कहा, ट्रंप के राष्ट्रपति बनने की संभावना पर दुनिया भर की प्रतिक्रिया के बीच विदेशों में वित्तीय बाजार में गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी टेलीविजन नेटवर्कों ने इस बात की संभावना जताई है कि हिलेरी संभवत: चुनाव हार जाएंगी।
ट्रंप ने अब तक गिने गए मतों में से 48.5 प्रतिशत मत हासिल किए हैं जबकि हिलेरी के 47 प्रतिशत मत हासिल किए हैं।
ट्रंप जीते तो सबसे अधिक उम्र के राष्ट्रपति होंगे
हिलेरी एवं ट्रंप अमेरिकी इतिहास में आम चुनाव में सबसे अधिक उम्र के उम्मीदवारों में शामिल हैं। यदि 69 वर्षीय हिलेरी चुनाव जीत जाती हैं तो वह रीगन के बाद दूसरी सबसे अधिक उम्र की उम्मीदवार होंगी। साथ ही उनको अमेरिकी इतिहास में पहली महिला राष्ट्रपति होने का गौरव प्राप्त होगा। यदि ट्रंप चुनाव जीतते हैं, तो वह अमेरिकी इतिहास के सबसे अधिक उम्र के राष्ट्रपति होंगे। रोनाल्ड रीगन 70 वर्ष की आयु में 1981 में राष्ट्रपति बने थे।
भारतीय अमेरिकी पीटर जैकब न्यू जर्सी से चुनाव हारे
भारतीय अमेरिकी डेमोक्रेट पीटर जैकब न्यू जर्सी से प्रतिनिधि सभा का चुनाव हार गए हैं। केरल में जन्मे समाज सेवी न्यू जर्सी के ‘सेवन्थ कांग्रेशनल डिस्ट्रिक्ट’ में 15 प्रतिशत मतों से हार गए। यहां किसी भी इलाके में भारतीय मूल के अमेरिकियों की ज्यादा आबादी नहीं है।
कांग्रेस के लियोनार्ड लांस पारंपरिक तौर पर रिपब्लिकन सीट से फिर से चुनाव जीत गए हैं। लेकिन उनके वोट प्रतिशत में कमी आई है। इस बार उन्हें 55 प्रतिशत वोट मिले हैं, जबकि पिछली बार उन्हें 59.25 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे।
न्यूहैंपशायर में पहला वोट पड़ा
न्यूहैंपशायर प्रांत के एक छोटे से गांव डिक्सविले नॉच में सात वोटों के साथ अमेरिका में मंगलवार रात 12 बजे मतदान की शुरुआत हुई। क्ले स्मिथ ने यहां पहला वोट डाला। इसमें हिलेरी को 4 और ट्रंप को दो वोट मिले, एक वोट अन्य को गया।
270 का जादुई आंकड़ा छूने वाला विजेता होगा
राष्ट्रपति चुनाव में अमेरिकी राज्यों की जनता 538 (इलेक्टोरल कॉलेज) निर्वाचकों को चुनेगी। किसी भी प्रत्याशी को राष्ट्रपति बनने के लिए कम से कम 270 निर्वाचकों का वोट हासिल करना होगा। ऐसे में यह जरूरी नहीं है कि सबसे ज्यादा वोट पाने वाला ही राष्ट्रपति बने। ज्यादा निर्वाचकों की संख्या वाले राज्यों में जीतने वाला भी विजेता हो सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post