रविवार की रसोई का 181वां सप्ताह: मौनी अमावस्या पर संगमनगरी में सेवा का संगम, मदद फाउंडेशन ने हजारों श्रद्धालुओं को कराया निशुल्क भोजन


प्रयागराज। मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर संगमनगरी प्रयागराज में आस्था के साथ-साथ सेवा का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर की चर्चित सामाजिक संस्था मदद फाउंडेशन ने गंगा स्नान के लिए आए हजारों श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु निशुल्क भोजन एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कर मानवता की मिसाल पेश की।

पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत यह सेवा अभियान झूसी स्थित चश्मा घर के पास संचालित किया गया, जहां दोपहर से ही स्नानार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप भोजन ग्रहण कर संस्था के सेवा भाव की सराहना की।

इस पुनीत सेवा अभियान का नेतृत्व संस्था के संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी एवं मार्गदर्शक पं. श्री कैलाश नाथ तिवारी (पूर्व प्रवक्ता, नागरिक इंटर कॉलेज जंघई) ने किया। उनके मार्गदर्शन में संस्था की समर्पित टीम ने पूरे अनुशासन और सुव्यवस्था के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं को भोजन एवं पेयजल उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह, जिला अध्यक्ष अरविंद पांडेय, राष्ट्रीय महासचिव अमृता तिवारी, यश शर्मा, राजेंद्र पाल, पुनीत श्रीवास्तव सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर संस्थापक मंगला प्रसाद तिवारी ने बताया कि मदद फाउंडेशन विगत कई वर्षों से निरंतर “रविवार की रसोई” अभियान के माध्यम से फुटपाथों पर जीवन यापन करने वाले निराश्रितों एवं जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन एवं पानी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि संस्था को किसी भी प्रकार का सरकारी अथवा गैर-सरकारी अनुदान प्राप्त नहीं होता, बल्कि सभी पदाधिकारी एवं सदस्य अपनी आय का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा समाजसेवा के लिए समर्पित करते हैं।

वहीं सक्रिय सदस्य यश शर्मा ने कहा कि आने वाले सभी प्रमुख स्नान पर्वों एवं धार्मिक आयोजनों पर भी श्रद्धालुओं के लिए इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रहेगा।

मौनी अमावस्या जैसे महापर्व पर मदद फाउंडेशन की यह सेवा पहल न केवल श्रद्धालुओं के लिए राहत का माध्यम बनी, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और मानवता का सशक्त संदेश भी देती नजर आई।

Post a Comment

Previous Post Next Post