कवरेज इण्डिया न्यूज़ डेस्क शाहजहांपुर।
शाहजहांपुर(निगोही)। पुलिस का अमानवीय चहरे फिर देखने को मिला। वारंट लेकर गए एक दरोगा और दो सिपाहियों ने घर मे सो रहीं महिलाओं और बुजुर्ग पर हमला बोल दिया। वर्दी के गुरुर में चूर पुलिस वालों ने महिलाओं और बुजुर्ग को पीट पीट कर घायल कर दिया। जानकारी होने पर तिलहर विधायक रोशनलाल वर्मा थाने पहुंच गए। उन्होंने एसपी से बात कर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही के लिए बोला। पीड़ित परिवार की ओर से दरोगा व दो सिपाहियों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक निगोही थाना क्षेत्र के ग्राम मिलकिया निवासी अमरपाल पुत्र गुलाब ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि आज सुबह परिवार के लोग सो रहे थे उसी दौरान निगोही थाने का दरोगा युगरतन दो अज्ञात सिपाहियों के साथ उनके घर मे घुस पड़े और उनके लड़के को पकड़कर अपने साथ लेजाने लगे। जब उन्होंने लड़के को पकड़ने का कारण पूछा तो दरोगा उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर दरोगा और सिपाहियों ने मारपीट शुरू कर दी। घर की महिलाओं और बुजुर्ग को जमकर पीटा गया। मारपीट के बाद पुलिस कर्मी वहां से चले गए।
मारपीट में नन्ही देवी, सुनीता और अमरपाल घायल हो गए। पीड़ित परिवार विधायक रोशनलाल वर्मा के पास पहुंचे जहां उन्होंने पुलिस ज्यात्ति की दास्तान सुनाई। पुलिस की दबंगई से नाराज विधायक पीड़ित परिवार को लेकर सीधे थाने पहुंच गए। विधायक को देख पुलिस कर्मियों में हड़कम्प मच गया। विधायक ने जमकर पुलिस की क्लास लगाई। दरोगा और पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही को लेकर विधायक ने एसपी से बात की और कार्यवाही न होने पर रोड जाम करने की चेतावनी दी। एसपी ने आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्यवाही का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।