कवरेज इण्डिया न्यूज डेस्क।
इलाहाबाद। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्या जी ने अपने इलाहाबाद भ्रमण के दौरान आज लोकसभा फूलपुर में जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर लोगों से मिले। उन्होंने लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा एवं सम्बन्धित अधिकारियों को समस्याओं को शीघ्र निस्तारित किये जाने हेतु निर्देशित भी किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके हितों के लिए अत्यंत गंभीर है एवं योजनाओं के माध्यम से हर व्यक्ति को विकास पथ में लाने का प्रयास कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने आयोजित कार्यक्रमों को सम्बोधित करते हुए जनता को दीपावली एवं भाई दूज की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भू माफियाओं को चिन्हित कर उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाही की जा रही है। अवैध कब्जा चाहे सरकारी जमीन पर हो या किसी आम आदमी की जमीन पर उसे अवैधकब्जा मुक्त कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सुशासन का युग आ गया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की शिकायतों को सुना जा रहा है एवं उसका समाधान भी किया जा रहा है। उन्होंने बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि पहले की अपेक्षा बिजली व्यवस्था में सुधार आया, सरकार इसमे और सुधार करने में लगी है। उन्होंने कहा कि जर्जर हो चुके तारो को बदला जा रहा है तथा खराब ट्रांसफार्मरों की जगह नये ट्रासफार्मरों को लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत क्षमता बढ़ाने के कार्य भी प्रगति पर चल रहे है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में हर क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जायेगी।
श्री मौर्या ने कहा कि सड़कों पर भी कार्य चल रहा है। पहले सड़के गढ्ढायुक्त होती थी अब उन्हे गढ्ढामुक्त किये जाने का लक्ष्य लिया गया है। उन्होंने कहा कि अर्द्धकुम्भ मेला के दौरान शहर का अधिक से अधिक विकास किया जा रहा है। जिससे आने वाले लोग इलाहाबाद को नये रूप में देखे। उन्होंने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिये जाने का कार्य सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र का विकास करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों का कर्ज माफी कर उनके चेहरों एक हंसी ला दी है। उन्होंने कहा कि हमें किसानों की आमदनी को दोगुना करना है। उन्होंने कहा कि हमें किसानों के हाथो को मजबूत कर उसके परिवार को खुशहाल बनाना है। उन्होंने कहा कि गेहूँ के लिए गेहूँ क्रय केन्द्र खोले गये जिससे किसानों को उनकी फसल का सही दाम मिल सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने बिचौलिया के खेल पूरी तरह से समाप्त कर दिया है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार भ्रष्ट्राचार के सख्त खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गुंडों पर पुलिस की सक्त कार्रवाही की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में भूमाफिया एवं गुंडों के लिए कोई जगह नही है। उन्होंने कहा कि हमें जनता ने हम पर भरोसा कर हमे बहुमत दिया है। उन्होंने कहा कि हम जनता की सेवा के लिए आये है न कि अपने परिवार की सेवा के लिए। हमे सबका साथ सबका विकास के लक्ष्य के अनुरूप विकास करना है। उन्होंने कहा कि हम जनता के हितों के लिए निरन्तर कार्य कर रहे है।
उपमुख्यमंत्री जी सरकिट हाउस से निकलकर मलाका, शिवगढ़, सोरांव, होलागढ़, नेवादा, रामगढ़, सिंहगढ़, कल्याणपुर, दडियावां आदि क्षेत्रों में गये, जहाँ उन्होंने लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जी को अपने बीच पाकर लोगों में भारी उत्साह भी दिखा। उन्होंने लोगों से कहा कि वे एक उप मुख्यमंत्री के तौर पर नही एक सांसद के तौर पर लोगों से मिलने आये है। उप मुख्यमंत्री जी का विभिन्न क्षेत्रों के आगमन के दौरान लोगों के द्वारा उनका जोर-शोर से स्वागत भी किया गया।


