जैविक उद्यान में मिट्टी भराई मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद के परिवार को क्लीन चिट मिला है। मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने कहा है कि मिट्टी भराई में गड़बड़ी नहीं हुई है। इस मामले में पर्यावरण एवं वन विभाग की रिपोर्ट मेरे पास आयी है।
मुख्य सचिव ने कहा कि जैविक उद्यान में नौ लाख की मिट्टी भराई की गई है। इसके परिवहन, लोडिंग-अनलोडिंग आदि सभी कार्य मिला कर 41 लाख खर्च हुए हैं। यह आरोप की 80 लाख की मिट्टी भराई हुई है, यह कहीं से भी प्रमाणित नहीं होता है। पर्यावरण एवं वन विभाग द्वारा दी गई रिपोर्ट यह भी कहता है कि पूरा यह कार्य नियम के अनुसार किया गया है। मिट्टी कहां से लायी गयी है, इसके लिए भी अलग से जांच करने का निर्देश मुख्य सचिव ने दिया है।
गौरतलब हो कि भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने यह आरोप लगाया था कि लालू प्रसाद परिवार को फायदा पहुंचाने के लिए बिना किसी नियमों का पलान किए हुए जैविक उद्यान में 80 लाख की मिट्टी भराई गई थी। यह मिट्टी दानापुर में लालू प्रसाद परिवार के बन रहे मॉल से लाई गई है। इसके बाद मुख्य सचिव ने पर्यावरण एवं वन विभाग से इस संबंध में पूरी रिपोर्ट मांगी थी।
बॉक्स :
मॉल निर्माण की जांच करेगी सिया
राज्य पर्यावरण समाघात निर्धारण प्राधिकार (सिया) लालू प्रसाद के मॉल निर्माण की जांच करेगी। मॉल बनाने वाली कंपनी ने पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए सिया के समक्ष आवेदन दिया है। सिया के अध्यक्ष आरसी सिन्हा ने कहा कि मामले की जांच होगी। पर्यावरणीय मंजूरी के बगैर चाहरदीवारी व शेड का निर्माण किया जा सकता है। लेकिन कंस्ट्रक्शन वर्क होने पर मंजूरी आवश्यक है। नियम के उल्लंघन करने पर कंपनी को डिफॉल्टर तक घोषित किया जा सकता है। फिर कोर्ट कंपनी पर जुर्माना भी लगा सकती है।
Tags:
national
