आज शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे बिपिन रावत, जवान का भाई बोला हमें अपने भाई पर गर्व है


नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान की नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी बॉर्डर एक्शन टीम के द्वारा भारत के दो जवानों को मारने के बाद उनके शवों के साथ की गई बर्बरता से पूरे देश में गुस्सा है. भारतीय सेना ने भी इसका कड़ा जवाब देते हुए पाकिस्तान की दो चौकियों को ध्वस्त किया और पाक के 7 सैनिकों को मार गिराया. मंगलवार को आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत श्रीनगर पहुंच कर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. बिपिन रावत सुबह करीब 8.30 बजे उधमपुर पहुंचेंगे.
हमले में शहीद हुए बीएसएफ के जवान प्रेम सागर के भाई ने कहा कि मेरा भाई शहीद हुआ है, हमें इस बात पर गर्व है. उनके भाई ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करना चाहूंगा, कि जैसे पाकिस्तान हमारे जवानों के साथ करता है वैसे ही हम भी उनके साथ करें. उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 50 वर्षीय प्रेम सागर ने सोमवार सुबह ही अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी, और उन्होंने प्रेमसागर की तबीयत और ब्लड प्रेशर के बारे में पूछा था. लेकिन देर रात पता चला कि वह शहीद हो गये हैं.

बेटियों ने लगाई योगी से गुहार
इसके साथ ही प्रेम सागर की दो बेटियों ने भी पाकिस्तान से बदला लेने की बात कही है. उनकी बेटियों ने गुहार लगाई है कि उनके पिता के ना होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही उनकी देखरेख करें.

बैंक की वैन पर भी किया था हमला
आपको बता दें कि सोमवार को बॉर्डर पर हमले के अलावा दोपहर को जम्मू एवं कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक नकदी वैन पर हमला कर दिया और पांच पुलिसकर्मियों व एक बैंककर्मी की हत्या कर दी थी. यह घटना कुलगाम के पोमबई गांव में हुई, जब अज्ञात संख्या में आतंकवादियों ने जम्मू एवं कश्मीर बैंक की नकदी वैन को निशाना बनाया था.

Post a Comment

Previous Post Next Post